गुरुवार, सितंबर 03 2026 | 10:18:19 AM
Breaking News
Home / मनोरंजन / दिशा सालियान मौत मामला: बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई को सौंपी जांच, पिता का बयान दर्ज करने का आदेश
बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान

दिशा सालियान मौत मामला: बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीआई को सौंपी जांच, पिता का बयान दर्ज करने का आदेश

Mumbai. दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत का मामला एक बार फिर चर्चा में है। करीब छह साल पुराने इस मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अब बड़ा फैसला सुनाते हुए जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने का आदेश दिया है। कोर्ट ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही दिशा के पिता सतीश सालियान का बयान दर्ज करने को भी कहा गया है।

दरअसल, दिशा सालियान के पिता सतीश सालियान ने बॉम्बे हाईकोर्ट में याचिका दायर कर अपनी बेटी की मौत की नए सिरे से जांच की मांग की थी। उनकी मांग थी कि मामले में एफआईआर दर्ज की जाए और जांच सीबीआई को सौंपी जाए। उनका आरोप है कि दिशा की मौत सामान्य तरीके से नहीं हुई थी और मामले की पहले हुई जांच में कई सवालों का सही जवाब नहीं मिला। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने अब सीबीआई को जांच करने का आदेश दिया है।

एडवोकेट नीलेश ओझा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ”कोर्ट के आदेश के मुताबिक अब सीबीआई इस मामले में एफआईआर दर्ज करेगी और जांच आगे बढ़ाएगी। इसके लिए सीनियर अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। दिशा के पिता का बयान भी दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा पहले की जांच से जुड़े रिकॉर्ड भी सीबीआई को सौंपे जाएंगे, ताकि एजेंसी मामले की शुरुआत से जांच कर सके।”

उन्होंने आगे कहा, “कोर्ट ने साफ कर दिया है कि जिसके भी खिलाफ सबूत मिले, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही, बिना सबूत के किसी भी व्यक्ति को आरोपी नहीं बनाया जाना चाहिए। अगर सीबीआई क्लोजर रिपोर्ट फाइल करती है, तो हमें आपत्ति करने और प्रोटेस्ट पिटीशन फाल करने का अधिकार होगा। हमें पूरा विश्वास है कि सच की जीत होगी।”

वहीं दिशा के पिता सतीश सालियान ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “इस फैसले का मुझे 6 साल से इंतजार था। मैं अपनी बेटी को खो चुका हूं। मुझे विश्वास है सीबीआई गहराई से इस मामले में जांच करेगी। सीबीआई जांच के आदेश मिलने पर मैंने कोर्ट के जज को इसका शुक्रिया अदा भी किया।”

पूरे मामले की बात करें तो दिशा सालियान की मौत 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक इमारत से गिरने के बाद हुई थी। उस समय दिशा की उम्र 28 साल थी। वह सेलिब्रिटी मैनेजर के तौर पर काम करती थीं और कुछ समय तक अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मैनेजर भी रही थीं। दिशा की मौत के कुछ ही दिनों बाद, 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत भी मुंबई स्थित अपने घर में मृत पाए गए थे। दोनों घटनाओं के बीच कुछ ही दिनों का अंतर होने के कारण दिशा की मौत को लेकर भी कई तरह के सवाल उठने लगे थे।

दिशा की मौत के बाद मुंबई पुलिस ने शुरुआत में इसे एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (एडीआर) के तौर पर दर्ज किया था। बाद की जांच में पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया। पुलिस की ओर से यह भी कहा गया कि जांच के दौरान किसी आपराधिक साजिश या किसी तरह के यौन हमले के सबूत नहीं मिले। मामले की जांच के लिए एसआईटी भी बनाई गई थी।

लेकिन दिशा के पिता सतीश सालियान जांच से संतुष्ट नहीं थे। उन्होंने अपनी बेटी की मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि मामले की ठीक से जांच नहीं हुई। उन्होंने अपनी याचिका में नए सिरे से जांच और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। उनका आरोप था कि कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने के लिए मामले को दबाने की कोशिश की गई है।

Check Also

Bhojpuri films will get a boost in Bihar, Nirahua and Amrapali expressed happiness over the formation of Film City.

बिहार में भोजपुरी फिल्मों को मिलेगा बढ़ावा, फिल्म सिटी बनने पर निरहुआ और आम्रपाली ने जताई खुशी

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि प्रदेश में जल्द ही …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *