गुरुवार, अक्तूबर 01 2026 | 08:07:32 AM
Breaking News
Home / रीजनल / बालोतरा के गणपत लाल को यूपी STF ने दिल्ली से पकड़ा, हवाला नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप
Ganpat Lal of Balotra was arrested by the UP STF from Delhi, accused of being involved in a hawala network.Ganpat Lal of Balotra was arrested by the UP STF from Delhi, accused of being involved in a hawala network.

बालोतरा के गणपत लाल को यूपी STF ने दिल्ली से पकड़ा, हवाला नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप

चीनी नागरिक के अवैध रूप से भारत में रहने और शेल कंपनियों के जरिए विदेश में रकम भेजने के मामले में कार्रवाई; नकदी, विदेशी मुद्रा और दस्तावेज बरामद

बालोतरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने भारत में अवैध रूप से रह रहे एक चीनी नागरिक से जुड़े कथित हवाला और अवैध धन हस्तांतरण नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राजस्थान के बालोतरा जिले के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। STF के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान गणपत लाल राजपुरोहित के रूप में हुई है, जो गुड़ामालानी थाना क्षेत्र, जिला बालोतरा का रहने वाला बताया गया है। आरोपी को दिल्ली के करोल बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया।

STF के अनुसार, आरोपी पर ऐसे गिरोह के सदस्य के रूप में काम करने का आरोप है, जो भारत में अवैध रूप से रह रहे एक चीनी नागरिक द्वारा बनाई गई कई शेल कंपनियों के माध्यम से हवाला और अन्य तरीकों से भारतीय मुद्रा को विदेश भेजने में सहयोग करता था। मामले में STF ने आरोपी के कब्जे से भारतीय और विदेशी मुद्रा सहित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए हैं।

8.20 लाख रुपये भारतीय मुद्रा बरामद

STF की कार्रवाई में आरोपी के पास से 8 लाख 20 हजार रुपये भारतीय मुद्रा बरामद होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा 100 अमेरिकी डॉलर, 100 थाई बाह्त और 36 चीनी युआन भी बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी ने बरामद रकम और विदेशी मुद्रा को मामले से जोड़कर जांच शुरू कर दी है।

चीन के वीजा से जुड़े दस्तावेज भी मिले

अधिकारी के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपी के पास से वीजा एप्लीकेशन फॉर्म और चीन में वीजा के लिए इन्वीटेशन फॉर्म भी बरामद हुए। इसके अलावा KK Traders फर्म के GST रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज और एक पासपोर्ट भी STF के हाथ लगा है। इन दस्तावेजों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों और संबंधित कंपनियों से उसके कथित संबंधों की जांच की जा रही है।

शेल कंपनियों के जरिए रकम विदेश भेजने का आरोप

STF की शुरुआती जांच के मुताबिक, गिरोह पर भारत में शेल कंपनियां बनाकर उनके जरिए वित्तीय लेन-देन करने और हवाला समेत अन्य माध्यमों से भारतीय मुद्रा को विदेश भेजने में सहयोग करने का आरोप है। STF अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन कंपनियों का वास्तविक संचालन कौन करता था, इनमें किस तरह के लेन-देन किए गए और विदेशों में रकम भेजने की प्रक्रिया में आरोपी की कथित भूमिका क्या थी।

जांच एजेंसी बरामद दस्तावेजों, पासपोर्ट, वीजा से जुड़े कागजात और मुद्रा के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी का चीनी नागरिक और संबंधित शेल कंपनियों से किस स्तर का संपर्क था।

करोल बाग से गिरफ्तारी

UP STF ने कार्रवाई करते हुए गणपत लाल राजपुरोहित को करोल बाग, दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से राजस्थान के बालोतरा जिले के गुड़ामालानी थाना क्षेत्र का रहने वाला बताया गया है। गिरफ्तारी के बाद STF मामले में उससे पूछताछ कर कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी है।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। बरामद दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की पड़ताल के बाद ही इस नेटवर्क की पूरी गतिविधियों और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।

Check Also

Excise Commissioner reviews campaign against illicit liquor

अवैध शराब के खिलाफ अभियान की आबकारी आयुक्त ने की समीक्षा

पिछड़ रहे जिलों में कार्रवाई तेज करने के निर्देश, बीकानेर-उदयपुर में दो ट्रकों पर कार्रवाई …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *