सोमवार, नवंबर 02 2026 | 08:28:37 AM
Breaking News
Home / कंपनी-प्रॉपर्टी / नीता अंबानी ने किया ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ का भूमिपूजन, 5,000 से अधिक जरूरतमंदों को मिलेगा अपना घर
Nita Ambani performed the groundbreaking ceremony of 'Nita Mukesh Ambani Anant Ashray', which will provide homes to over 5,000 needy people.

नीता अंबानी ने किया ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ का भूमिपूजन, 5,000 से अधिक जरूरतमंदों को मिलेगा अपना घर

महाराष्ट्र के कर्जत में 100 एकड़ में बनेगा परिसर, अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को मिलेगा सहारा, घर-परिवार जैसा माहौल, अस्पताल, पुनर्वास, शिक्षा और रोजगार की सुविधाएं भी होंगी, नीता अंबानी बोलीं: माता-पिता को यह सुकून मिले कि उनके बाद भी बच्चों का अपना घर और परिवार होगा

 

मुंबई. रिलायंस फाउंडेशन की फाउंडर और चेयरपर्सन नीता अंबानी ने रविवार को महाराष्ट्र के कर्जत में ‘नीता मुकेश अंबानी अनंत आश्रय’ का भूमिपूजन किया। करीब 100 एकड़ में बनने वाला यह परिसर 5,000 से अधिक अनाथ बच्चों, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों को घर-परिवार जैसा माहौल और देखभाल उपलब्ध कराएगा। भूमिपूजन में ईशा अंबानी भी शामिल हुईं। रिलायंस फाउंडेशन की इस गैर-लाभकारी पहल को आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद चरणबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा।

 

भूमिपूजन के अवसर पर नीता अंबानी ने कहा कि अनंत आश्रय उनके और उनके परिवार के दिल के बेहद करीब है। उन्होंने कहा, “एक मां के तौर पर मेरी सबसे बड़ी उम्मीद है कि जिन माता-पिता को जीवनभर यह चिंता रही है कि उनके न रहने पर बच्चों की देखभाल कौन करेगा, उन्हें यह भरोसा मिल सके कि उनके बच्चे का हमेशा अपना घर और परिवार होगा।” उन्होंने उम्मीद जताई कि यहां हर उम्र के व्यक्ति को गरिमा के साथ जीने और हर नए दिन की ओर उम्मीद से देखने का अवसर मिलेगा।

 

अनंत आश्रय की परिकल्पना केवल एक आश्रय स्थल नहीं, बल्कि ऐसे समुदाय के रूप में की गई है, जहां हर व्यक्ति को सम्मान और अपनापन मिले। परिसर में परिवार जैसे छोटे-छोटे घर होंगे, जहां विशेष रूप से नियुक्त कर्मचारी देखभाल करेंगे। प्रत्येक व्यक्ति की जरूरत के मुताबिक स्वास्थ्य, शिक्षा और व्यक्तिगत विकास की योजना तैयार होगी। यहां रहने वालों, चिकित्सा विशेषज्ञों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को मिलाकर करीब 15 हजार लोगों का समुदाय विकसित होने की उम्मीद है।

 

प्रस्तावित परिसर में विशेष अस्पताल, पुनर्वास केंद्र, फिजियोथेरेपी और अन्य चिकित्सा सुविधाओं के साथ शिक्षा, खेल, संगीत और कला के अवसर भी मिलेंगे। बेकरी, कैफे और हस्तशिल्प केंद्रों के जरिए रोजगार और कौशल विकास की व्यवस्था होगी। परिसर में मंदिर, बगीचे और वनतारा के सहयोग से पशुओं के साथ जुड़ाव बढ़ाने वाला फार्म भी प्रस्तावित है। आसपास के गांवों के लोग भी यहां की कुछ सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

खास बात यह है कि नीता अंबानी ने अपने जन्मदिन पर इस पहल की नींव रखी। अपने संबोधन में उन्होंने इसे भारत मां के चरणों में एक मां की ओर से छोटी-सी भेंट बताया।

Check Also

Lincoln Pharmaceuticals Ltd. reports consolidated net profit of Rs. 57.50 crore in H1FY27, up 20.52% year-on-year

लिंकन फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड का H1FY27 में कंसोलिडेटेड नेट प्रोफिट रू. 57.50 करोड़ रहा, सालाना आधार पर 20.52% की वृद्धि

  ·         कंपनी ने घरेलू बाजार में चार नए डिवीजन शुरू किए और खत्रज प्लांट …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *