शुक्रवार, नवंबर 20 2026 | 09:53:43 AM
Breaking News
Home / राजकाज / भारत को अगले साल तक 85 ट्रिलियन डॉलर की वैश्विक जीडीपी वाले बाजारों में मिलेगी तरजीही व्यापार पहुंच: पीयूष गोयल
India-US trade deal in final stages, will give India competitive advantage: Piyush Goyal

भारत को अगले साल तक 85 ट्रिलियन डॉलर की वैश्विक जीडीपी वाले बाजारों में मिलेगी तरजीही व्यापार पहुंच: पीयूष गोयल

नई दिल्ली। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि भारत को अगले साल तक 85 ट्रिलियन डॉलर की वैश्विक जीडीपी वाले बाजारों में तरजीही व्यापार पहुंच मिलने की उम्मीद है। फिलहाल यह आंकड़ा 70 ट्रिलियन डॉलर है। जारी व्यापार वार्ताओं के जरिए इसमें 15 ट्रिलियन डॉलर की और वृद्धि होने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ समझौते सहित कई व्यापार समझौतों को आने वाले महीनों में अंतिम रूप दिए जाने की उम्मीद है।

दिल्ली में फिक्की की वार्षिक आम बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने वित्त वर्ष 2026-27 तक भारत के कुल निर्यात को एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लक्ष्य को दोहराया। उन्होंने उद्योग जगत और स्टार्टअप कंपनियों से वैश्विक बाजारों में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया।

गोयल ने कहा, “हमें नहीं पता था कि यह साल किस तरह आगे बढ़ेगा। आज भी दुनिया में दो युद्ध जारी हैं। लेकिन जब आप किसी चीज को दिल से हासिल करना चाहते हैं, तो वह संभव हो सकती है।” उन्होंने बताया कि अक्टूबर में भारत का निर्यात 90 अरब डॉलर रहा, जो अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा है।

‘भारत की विकास संबंधी अनिवार्यता : वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी अर्थव्यवस्था का निर्माण’ विषय पर अपने समापन संबोधन में मंत्री ने कहा कि भारत को दुनिया को अपनी जरूरतों के लिए उस पर निर्भर बनाना होगा और देश के भीतर ऐसी क्षमता विकसित करनी होगी, जिससे भारत को वैश्विक स्तर पर मजबूत स्थिति हासिल हो।

उन्होंने कहा कि भारत के पास आगे बढ़ने के लिए जरूरी क्षमताएं, प्रतिभा, पूंजी, उद्यमी और कौशल मौजूद हैं। देश के आर्थिक आधार मजबूत हैं और उसकी बैंकिंग व्यवस्था भी बड़े लक्ष्यों को पूरा करने में सक्षम है।

गोयल ने कहा, “हमारी अर्थव्यवस्था का वैश्विक महत्व है और यह दुनिया के लिए ईर्ष्या का विषय है। हमारे पास निर्णायक नेतृत्व है। हमारे पास ऐसी प्रतिभा है, जिस पर पूरी दुनिया की नजर है। हमारे व्यापक आर्थिक बुनियादी कारक दुनिया की सर्वश्रेष्ठ अर्थव्यवस्थाओं के बराबर हैं।”

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने किसी को बताया कि देश का विदेशी कर्ज जीडीपी का लगभग 20 प्रतिशत है, तो वह हैरान रह गया। इसी तरह, जब उन्होंने बताया कि सरकार सहित देश का कुल कर्ज जीडीपी के 80 प्रतिशत से कम है और इसे और घटाने की दिशा में काम किया जा रहा है, तो उसे इस पर विश्वास नहीं हुआ।

केंद्रीय मंत्री ने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर विपक्षी नेताओं की नकारात्मक टिप्पणियों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, “कुछ लोग विदेश जाकर कहते हैं कि भारत आर्थिक आपदा के कगार पर है। हम दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हमारा देश निर्यात को 863 अरब डॉलर से बढ़ाकर 1,000 अरब डॉलर करने जा रहा है। दो युद्धों और अस्थिरता तथा अनिश्चितता से भरे साल में भी हमारी आर्थिक विकास दर छह प्रतिशत है। क्या आप विदेश जाकर अपने देश की आलोचना करने जाते हैं या भारत के लोगों के साथ एकजुटता दिखाने?”

Check Also

दूध, दही, पनीर समेत सभी डेयरी उत्पादों के पैकेट पर लगेगा नया लोगो: 1 जुलाई 2028 से अनिवार्य होंगे नियम, पैक के आकार के हिसाब से तय होगा साइज

नई दिल्ली। दूध और डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *