मंगलवार, नवंबर 17 2026 | 11:26:58 AM
Breaking News
Home / राजकाज / दूध, दही, पनीर समेत सभी डेयरी उत्पादों के पैकेट पर लगेगा नया लोगो: 1 जुलाई 2028 से अनिवार्य होंगे नियम, पैक के आकार के हिसाब से तय होगा साइज

दूध, दही, पनीर समेत सभी डेयरी उत्पादों के पैकेट पर लगेगा नया लोगो: 1 जुलाई 2028 से अनिवार्य होंगे नियम, पैक के आकार के हिसाब से तय होगा साइज

नई दिल्ली। दूध और डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने नया नियम जारी किया है। इसके तहत अब दूध, सभी दुग्ध उत्पादों और कंपोजिट मिल्क प्रोडक्ट्स के पैकेट पर निर्धारित लोगो लगाना अनिवार्य होगा। यह नियम 1 जुलाई 2028 से लागू होगा। इसके लिए FSSAI ने खाद्य सुरक्षा और मानक (लेबलिंग और प्रदर्शन) विनियम, 2020 में दूसरा संशोधन किया है।

FSSAI की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी अधिसूचना के अनुसार, डेयरी उत्पादों के पैकेट के प्रमुख डिस्प्ले पैनल पर एक निर्धारित लोगो प्रदर्शित करना होगा। यह लोगो नीले रंग के वर्गाकार बॉक्स में सफेद रंग की बूंद के आकार का होगा। इसका न्यूनतम आकार पैकेट के डिस्प्ले पैनल के क्षेत्रफल के आधार पर तय किया गया है।

चार श्रेणियों में तय किया लोगो का आकार

नए नियमों के तहत पैकेट के प्रमुख डिस्प्ले पैनल का क्षेत्रफल जितना बड़ा होगा, लोगो का न्यूनतम आकार भी उतना ही बड़ा रखना होगा। FSSAI ने इसके लिए चार श्रेणियां निर्धारित की हैं।

  • 100 वर्ग सेंटीमीटर तक: लोगो के नीले वर्ग की प्रत्येक भुजा का न्यूनतम आकार 6 मिलीमीटर होगा।
  • 100 से 500 वर्ग सेंटीमीटर तक: लोगो का न्यूनतम आकार 8 मिलीमीटर होगा।
  • 500 से 2500 वर्ग सेंटीमीटर तक: लोगो का न्यूनतम आकार 12 मिलीमीटर होगा।
  • 2500 वर्ग सेंटीमीटर से अधिक: लोगो का न्यूनतम आकार 16 मिलीमीटर रखना अनिवार्य होगा।

अधिसूचना में नीले वर्ग के भीतर बनी सफेद बूंद की ऊंचाई और चौड़ाई भी निर्धारित की गई है। इसके अनुसार 6 मिलीमीटर के लोगो में बूंद की ऊंचाई 4.56 और चौड़ाई 3 मिलीमीटर होगी। इसी तरह 8 मिलीमीटर के लोगो में बूंद की ऊंचाई 6.08 और चौड़ाई 4 मिलीमीटर, 12 मिलीमीटर के लोगो में 9.12 और 6 मिलीमीटर तथा 16 मिलीमीटर के लोगो में 12.16 और 8 मिलीमीटर होगी।

दूध से बने सभी उत्पादों पर लागू होगा नियम

यह नियम केवल पैकेट वाले दूध तक सीमित नहीं रहेगा। इसके दायरे में सभी दूध और दुग्ध उत्पादों के साथ कंपोजिट मिल्क प्रोडक्ट्स भी शामिल होंगे। ऐसे उत्पादों की पैकेजिंग पर भी निर्धारित लोगो लगाना होगा, जो FSSAI के संबंधित खाद्य उत्पाद मानकों के तहत आते हैं।

डेयरी कंपनियों को बदलनी होगी पैकेजिंग

नए नियम लागू होने में अभी समय है, लेकिन डेयरी कंपनियों और खाद्य उत्पाद निर्माताओं को इसके अनुसार अपनी पैकेजिंग और लेबलिंग की तैयारी करनी होगी। कंपनियों को पैकेट के डिजाइन, प्रिंटिंग और लेबलिंग में निर्धारित लोगो के लिए जगह सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही डिस्प्ले पैनल के क्षेत्रफल के अनुसार लोगो का आकार भी तय करना होगा।

FSSAI ने यह संशोधन खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत जारी किया है। नए प्रावधान 1 जुलाई 2028 से प्रभावी होंगे। इसके बाद निर्धारित श्रेणी में आने वाले दूध और डेयरी उत्पादों की पैकेजिंग पर यह लोगो लगाना अनिवार्य होगा।

Check Also

The main theme of the “Made in Russia” forum will be high technologies

“मेड इन रशिया” फोरम का मुख्य विषय उच्च प्रौद्योगिकी होगा

मॉस्को, रूस. अंतर्राष्ट्रीय निर्यात फोरम “मेड इन रशिया” का केंद्रीय विषय प्रौद्योगिकी निर्यात, उच्च प्रौद्योगिकी और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *