शुक्रवार, अगस्त 21 2026 | 03:44:27 PM
Breaking News
Home / रीजनल / त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान

त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान

निरीक्षण के दौरान 25 किलोग्राम पुरानी एवं दूषित मिठाइयां पाई गईं, मौके पर ही नष्ट करवाया

 

कोटपूतली-बहरोड़। जिला कलेक्टर के निर्देशन में त्योहारों के सीजन को देखते हुए मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत बुधवार को पावटा में खाद्य सुरक्षा टीम द्वारा मैसर्स शिवम बेकरी रसगुल्ला भण्डार से रसगुल्ला, मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भण्डार से मलाई बर्फी एवं मिल्क केक तथा मैसर्स जोधपुर मिष्ठान भण्डार से मिश्री मावा के नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संबंधित मिष्ठान भण्डारों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किए गए। साथ ही निरीक्षण के दौरान 25 किलोग्राम पुरानी एवं दूषित मिठाइयां पाई गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया।

गांव दादूका, कोटपूतली में तेल मिल की शिकायत पर भी कार्रवाई की गई। टीम ने मैसर्स रोशन किराणा स्टोर से तेल तथा मैसर्स सैनी मिष्ठान भण्डार एवं मैसर्स श्री बालाजी डेयरी प्रोडक्ट्स से मिल्क केक के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान गांव दादूका स्थित तेल मिल में साफ-सफाई नहीं पाई गई तथा फर्म मैसर्स रोशन किराणा स्टोर के पास खाद्य अनुज्ञा-पत्र/खाद्य रजिस्ट्रेशन पत्र नहीं पाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा उक्त फर्म को खाद्य अनुज्ञा-पत्र/खाद्य रजिस्ट्रेशन पत्र बनवाने एवं परिसर में साफ-सफाई रखने के लिए पाबंद किया गया तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत इम्प्रूवमेंट नोटिस दिया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा बताया गया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं से अपील की गई है कि जिनके पास खाद्य अनुज्ञा-पत्र/खाद्य रजिस्ट्रेशन पत्र नहीं है, वे शीघ्र अपना पंजीयन करवाएं। बिना खाद्य अनुज्ञा-पत्र/खाद्य रजिस्ट्रेशन पत्र के खाद्य कारोबार करते पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

आमजन से भी अपील की गई है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की खाद्य मिलावट की जानकारी मिलने पर खाद्य सुरक्षा विभाग को सूचित करें। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी शशिकांत शर्मा, नेहा शर्मा एवं राज सिंह चौहान सहित टीम के सदस्य मौजूद रहे।

Check Also

Free travel for women in buses on International Women's Day

राजस्थान वन सेवा के तीन अधिकारियों के तबादले, राजीव शर्मा को सिल्वा में अनुसंधान अधिकारी लगाया

वन विभाग ने जारी किए तबादला आदेश, राजू को बालोतरा और चंद्रशेखर कौशिक को जोधपुर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *