बुधवार, अगस्त 12 2026 | 07:52:39 PM
Breaking News
Home / कंपनी-प्रॉपर्टी / पूंजी की कमी के फिक्र से कार्स24, वेदांतु में छंटनी

पूंजी की कमी के फिक्र से कार्स24, वेदांतु में छंटनी

बेंगलूरु: मूल्यांकन घटने, धन जुटाने के चरण सुस्त होने और आईपीओ में देरी होने के बाद अब कर्मचारियों की छंटनी की बारी है। हाल में ऐसा करने वाली कंपनी सॉफ्टबैंक समर्थित कार्स24 है, जो पुराने वाहनों की प्रमुख ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म है। मामले की जानकारी रखने वालों ने बताया कि कार्स24 ने 600 कर्मचारी निकाल दिए हैं।

उन्होंने कहा कि इस कदम का मकसद धन जुटाने में मंदी आने और निवेशकों में सतर्कता बढऩे के बीच नकदी बचाना है। इस बारे में जानकारी जुटाने के लिए किए गए फोन का कंपनी ने कोई जवाब नहीं दिया। सूत्रों के मुताबिक छंटनी विभिन्न विभागों और पदों पर हुई है और कंपनी के कुल 9,000 कर्मचारियों में से 6 फीसदी से ज्यादा हटा दिए गए हैं। कार्स24 ने छंटनी की पुष्टि की लेकिन नौकरी से निकाले गए लोगों की संख्या बताने से इनकार कर दिया। कंपनी ने एक बयान में कहा कि यह प्रदर्शन से जुड़ी सामान्य छंटनी है, जो हर साल होती है।

कार्स24 अब वेदांतु, अनअकैडमी और मीशो जैसी उन स्टार्टअप की फेहरिस्त में शामिल हो गई है, जिन्होंने कर्मचारियों की छंटनी की है।

इस सप्ताह शिक्षा तकनीक क्षेत्र की यूनिकॉर्न वेदांतु ने 424 कर्मचारियों यानी अपने कुल कर्मचारियों में से 7 फीसदी को नौकरी से निकाला था। बेंगलूरु की इस कंपनी ने एक ब्लॉग पोस्ट के जरिये यह जानकारी दी थी। विशेषज्ञों के मुताबिक इस कदम को महामारी के बीच शिक्षा तकनीक क्षेत्र में मुनाफे, एकीकरण और लागत में कटौती पर ध्यान देने के रूप में देखा जा रहा है। कंपनी ने इस छंटनी से कुछ दिन पहले ही 200 कर्मचारी निकाले थे, जिनमें ठेके पर रखे कर्मचारियों के साथ पूर्णकालिक कर्मचारी भी शामिल थे।

वेदांतु के सीईओ और सह-संस्थापक वंसी कृष्णा ने कहा कि बाहरी माहौल दिक्कतों भरा है। उन्होंने कहा कि यूरोप में युद्ध, मंदी की चिंता और फेडरल रिजर्व द्वारा ब्याज दरों में बढ़ोतरी से महंगाई बढ़ी है, जिस कारण दुनिया भारत में शेयरों में भारी गिरावट आई है। पिछले महीने शिक्षा तकनीक यूनिकॉर्न अनअकैडमी ने करीब 600 कर्मचारियों की छंटनी की थी, जो उसके कुल कर्मचारियों के करीब 10 फीसदी थे। सॉफ्टबैंक समर्थित कंपनी ने पूरे संगठन में स्थायी, अस्थायी कर्मचारियों और शिक्षकों की छंटनी की थी। अनअकैडमी ने मार्च में संगठन में ‘पुनर्गठन’ के बीच अपनी प्रेपलैडर टीम से 100 से अधिक कर्मचारियों को निकाला था।

Check Also

3 months for Rs 550, a year of entertainment for Rs 2000, Jio expands OTT-Pass coverage

550 रुपये में 3 महीने, 2000 रुपये में सालभर मनोरंजन, जियो ने बढ़ाया OTT-Pass का दायरा

15 प्रीमियम OTT ऐप्स और 1,000 से ज्यादा लाइव टीवी चैनल्स का एक्सेस, हाई-स्पीड डेटा और …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *