नई दिल्ली। देश के प्रमुख फाइव स्टार होटलों में शुमार दिल्ली एयरोसिटी के अंदाज दिल्ली और JW Marriott पर खाद्य सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की जांच में दोनों होटलों में साफ-सफाई, खाद्य भंडारण, कीट नियंत्रण, फूड हैंडलिंग और लाइसेंसिंग से जुड़ी कई कमियां सामने आई हैं। इसके बाद FSSAI ने दोनों प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने दोनों होटलों से खाद्य पदार्थों के सैंपल भी लिए हैं। आगे की कार्रवाई जांच और सैंपल की रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
अंदाज होटल में 87 किलो एक्सपायर्ड मिठाइयां
FSSAI की जांच में अंदाज दिल्ली के कन्फेक्शनरी सेक्शन से करीब 87 किलोग्राम एक्सपायर्ड मिठाइयां मिलीं। अधिकारियों के मुताबिक इन मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा पेस्ट्री सेक्शन में एक्सपायर्ड केक बेस और एक्सपायर्ड ब्रेड के पैकेट भी मिले। कुछ ब्रेड पैकेट पर एक्सपायरी के बाद दोबारा डेट मार्किंग किए जाने की बात भी सामने आई।
किचन में कॉकरोच, मक्खियां और मच्छर
जांच के दौरान होटल के अलग-अलग किचन एरिया में कीट संक्रमण की शिकायतें और कमियां मिलीं। फ्रीजर के पास जिंदा कॉकरोच पाए गए, जबकि ग्राइंडिंग रूम में मक्खियां और मच्छर मिले। कुछ जगहों पर मकड़ी के जाले और दुर्गंध भी दर्ज की गई। निरीक्षण में खराब सैनिटेशन, खाद्य पदार्थों की अनुचित स्टोरेज और तापमान की निगरानी में कमी जैसी बातें भी सामने आईं।
वेज-नॉनवेज कटिंग बोर्ड एक ही पानी में
अंदाज की अनायामा किचन में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए इस्तेमाल होने वाले कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में रखे मिले। इसे खाद्य सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर कमी माना गया है, क्योंकि इससे एक खाद्य पदार्थ से दूसरे में दूषण यानी क्रॉस-कंटैमिनेशन का खतरा बढ़ सकता है। रूम डाइनिंग किचन में शाकाहारी भोजन के लिए चिन्हित बर्नर पर मांसाहारी भोजन तैयार किए जाने की बात भी निरीक्षण में सामने आई।
JW Marriott में दर्ज हुईं 59 कमियां
FSSAI की टीम ने JW Marriott New Delhi में 24 और 25 अगस्त को निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने कुल 59 कमियां दर्ज कीं। होटल के इंडियन और बेकरी किचन में कॉकरोच तथा सब्जी वाले सेक्शन में फ्रूट फ्लाई की मौजूदगी पाई गई। इसके अलावा गंदे बर्तन, खराब रेफ्रिजरेटर, पानी का रिसाव, ड्रेनेज की समस्याएं और रखरखाव से जुड़ी कमियां भी सामने आईं।
लाइसेंस और लेबलिंग को लेकर भी सवाल
JW Marriott में खाद्य उत्पादों की लाइसेंसिंग और लेबलिंग से जुड़ी कमियां भी सामने आईं। FSSAI के अनुसार होटल में कुछ रिटेल गतिविधियां आवश्यक लाइसेंस के बिना संचालित होने की बात सामने आई। कुछ पैकेज्ड उत्पादों पर निर्माता का पता नहीं था या लाइसेंस नंबर गलत छपा हुआ था। इनमें पनीर, खोया और चना मसाला जैसे उत्पाद शामिल बताए गए हैं।
फल-सब्जियों और स्टोरेज में भी खामियां
निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के भंडारण को लेकर भी कमियां मिलीं। अधिकारियों ने खराब स्टोरेज, अनुचित तापमान नियंत्रण और खाद्य पदार्थों की निगरानी में लापरवाही दर्ज की। रिपोर्टों के अनुसार कुछ जगहों पर खाद्य सामग्री और स्टोरेज व्यवस्था की स्थिति संतोषजनक नहीं थी। कीट नियंत्रण की व्यवस्था भी प्रभावी नहीं पाई गई।
इन खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
FSSAI ने दोनों प्रतिष्ठानों से कई खाद्य पदार्थों के नियामकीय और निगरानी सैंपल लिए हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इनमें गाय का घी, वेजिटेबल मेयोनेज, क्रीमी कोकोनट मिल्क पाउडर, शहद, पीली मसूर दाल, टोमैटो सॉस, ऑरेंज मार्मलेड और कोकोनट कुकीज शामिल हैं। इन सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की नियामकीय कार्रवाई की जाएगी।
BRICS समिट से भी जुड़ा है मामला
खास बात यह है कि दोनों होटल दिल्ली में होने वाले BRICS Business Forum से जुड़े मेहमानों के ठहरने वाले प्रमुख होटलों में शामिल हैं। भारत में 18वां BRICS Summit सितंबर में नई दिल्ली में प्रस्तावित है। ऐसे में इन होटलों की खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था में मिली कमियों ने चिंता बढ़ा दी है।
FSSAI ने दोनों प्रतिष्ठानों को कमियों को दूर करने के लिए तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने और अनुपालन रिपोर्ट जमा कराने को कहा है। नियामक के मुताबिक सैंपल की जांच और होटल की ओर से दिए जाने वाले अनुपालन के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
Corporate Post News