सोमवार, सितंबर 28 2026 | 10:55:46 AM
Breaking News
Home / राजकाज / बेंगलुरु : एयरपोर्ट पर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया
China's big move ahead of Xi's India visit: Delhi-Guangzhou direct flight to resume

बेंगलुरु : एयरपोर्ट पर दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान इंडिगो विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकराया

नई दिल्ली। गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट का बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते समय पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया। एयरलाइन ने रविवार को बताया कि तेज और झोंकेदार हवाओं के बीच लैंडिंग के दौरान विमान का रनवे से असामान्य संपर्क हुआ।

इसके बाद विमान सुरक्षित रूप से उतर गया और सभी यात्री बिना किसी परेशानी के विमान से बाहर आ गए। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने घटना की जांच शुरू कर दी है।

एयरपोर्ट के सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6542 को बेंगलुरु एयरपोर्ट पर पहली बार उतरने की कोशिश के दौरान दोबारा उड़ान भरनी पड़ी।

दूसरी बार लैंडिंग की कोशिश के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से टकरा गया।

एयरलाइन के एक प्रवक्ता ने कहा, ”गुवाहाटी से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई 6542 को केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज और झोंकेदार हवाओं के बीच उतरते समय ‘असामान्य रनवे संपर्क’ का सामना करना पड़ा।”

सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और विमान से सुरक्षित बाहर निकल गए हैं।

इंडिगो ने अपने बयान में कहा, ”तय सुरक्षा प्रक्रियाओं के अनुसार सभी संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दे दी गई है और विमान की जरूरी जांच की जा रही है। आवश्यक मंजूरी मिलने के बाद विमान दोबारा उड़ान भरेगा। हमेशा की तरह हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”

विमान को इसके बाद बेंगलुरु से कोयंबटूर की उड़ान भरनी थी। उड़ान सेवाओं में परेशानी न हो, इसके लिए इंडिगो ने दूसरे विमान की व्यवस्था की।

पिछले सप्ताह इंडिगो का एक बोइंग 787-9 ड्रीमलाइनर विमान 250 से ज्यादा यात्रियों को लेकर लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था, लेकिन उड़ान भरने के कुछ समय बाद तकनीकी खराबी के कारण विमान को वापस हीथ्रो लौटना पड़ा।

आपात स्थिति घोषित की गई, जिसके बाद विमान को लंदन हीथ्रो एयरपोर्ट पर उतरने के लिए प्राथमिकता दी गई। सभी यात्री सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल गए।

लंदन से आई रिपोर्टों के मुताबिक, उड़ान भरने के बाद पायलटों को बोइंग ड्रीमलाइनर विमान में धुएं का पता चला। इसके बाद पायलटों ने हीथ्रो लौटने का फैसला किया। चालक दल ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को आपात स्थिति की जानकारी दी।

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट के आंकड़ों के मुताबिक, लंदन से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6ई4 हीथ्रो से उड़ान भरने के करीब एक घंटे बाद वापस लौट आई।

हालांकि, इंडिगो ने बोइंग विमान में आई तकनीकी समस्या के बारे में पूरी जानकारी नहीं दी, जिसकी वजह से पायलटों को विमान वापस लाने का फैसला करना पड़ा। एयरलाइन ने कहा, ”हमारे यात्रियों, चालक दल और विमान की सुरक्षा हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है।”

Check Also

Singhvi's argument in the Tata Sons-Tata Trusts dispute raises questions about corporate governance

टाटा संस-टाटा ट्रस्ट्स विवाद में सिंघवी की दलील, कॉरपोरेट गवर्नेंस पर उठाए सवाल

जयपुर। टाटा संस में एन. चंद्रशेखरन की चेयरमैन के तौर पर दोबारा नियुक्ति को लेकर …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *