सोमवार, सितंबर 07 2026 | 08:49:10 AM
Breaking News
Home / कंपनी-प्रॉपर्टी / AI से ग्लोबल बाजारों तक, आकाश अंबानी ने बताया जियो का अगला रोडमैप
From AI to global markets, Akash Ambani reveals Jio's next roadmap

AI से ग्लोबल बाजारों तक, आकाश अंबानी ने बताया जियो का अगला रोडमैप

10 साल पूरे होने पर कर्मचारियों को लिखा पत्र, अगले दशक की दिशा बताई, मुकेश अंबानी के विजन और मार्गदर्शन के लिए जताया आभार

 

मुंबई. AI, कनेक्टिविटी और टेक्नोलॉजी पर अगले एक दशक में जियो का फोकस रहेगा। कंपनी भारत में तैयार की जा रही टेक्नोलॉजी को ग्लोबल बाजारों तक ले जाने की तैयारी भी कर रही है। जियो के 10 साल पूरे होने पर कर्मचारियों को लिखे पत्र में चेयरमैन आकाश अंबानी ने कंपनी के अगले दौर का यही रोडमैप सामने रखा है।

आकाश अंबानी ने कहा कि जियो अब टेलीकॉम से काफी आगे बढ़ चुकी है। कंपनी कनेक्टिविटी के साथ डिजिटल प्रोडक्ट्स, एंटरप्राइज सॉल्यूशंस और AI के क्षेत्र में अपनी टेक्नोलॉजी बना रही है। अगला लक्ष्य इन टेक्नोलॉजी को बड़े पैमाने पर भारतीयों तक पहुंचाने के साथ दुनिया के दूसरे बाजारों में भी ले जाना है।

AI को उन्होंने आने वाले दौर की बड़ी ताकत बताया। उनके मुताबिक AI लोगों और कारोबार के काम करने, नई चीजें बनाने और समस्याओं को हल करने का तरीका बदल देगा। जियो इसी बदलाव के लिए अपनी टेक्नोलॉजी और डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार कर रही है।

आकाश का यह संदेश ऐसे समय आया है जब जियो अपने अगले कॉरपोरेट चरण की ओर बढ़ रही है। कंपनी की लिस्टिंग की प्रक्रिया भी आगे बढ़ चुकी है। हालांकि कर्मचारियों के नाम लिखे इस पत्र का मुख्य जोर IPO के बजाय अगले दशक की टेक्नोलॉजी और ग्लोबल महत्वाकांक्षाओं पर रहा।

पत्र में आकाश ने जियो की दस साल की यात्रा का श्रेय कर्मचारियों को भी दिया। उन्होंने कहा कि जियो की कहानी सिर्फ आंकड़ों की नहीं, बल्कि उन लोगों की है जिन्होंने चुनौतियां स्वीकार कीं और ग्राहक को केंद्र में रखकर काम किया।

आकाश अंबानी ने अपने पिता और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी का भी खास तौर पर धन्यवाद किया। उन्होंने जियो की यात्रा को संभव बनाने के लिए उनके विजन और मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। आकाश ने कहा कि पहले दशक में गर्व करने के लिए बहुत कुछ है, लेकिन अभी बहुत कुछ हासिल करना बाकी है।

Check Also

₹10 से आइसक्रीम बेचेगी रिलायंस कंज्यूमर, लॉन्च किया बॉम्बे क्रीमरी

कोन, कप, टब, बार और स्टिक में मिलेगी आइसक्रीम, पश्चिम भारत से शुरुआत नई दिल्ली. रिलायंस …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *