रविवार, नवंबर 02 2025 | 06:49:34 AM
Breaking News
Home / रीजनल / विकसित भारत का आधार है होनहार छात्राएं- विधानसभा अध्यक्ष देवनानी
विकसित भारत का आधार है होनहार छात्राएं- विधानसभा अध्यक्ष,

विकसित भारत का आधार है होनहार छात्राएं- विधानसभा अध्यक्ष देवनानी

राजकीय महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय का वार्षिक उत्सव ऎपिस्टेमिको—2025 आयोजित, विधानसभा अध्यक्ष ने किया विद्यार्थियों को प्रोत्साहित, जीवन में संघर्ष का भी है अपना स्थान

 

जयपुर। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने शनिवार को अजमेर में राजकीय महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय के वार्षिक उत्सव ऎपिस्टेमिको 2025 में विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए जीवन में संघर्ष के स्थान के बारे में चर्चा की। होनहार छात्राओं को विकसित भारत का आधार बताया।

 

विधानसभा अध्यक्ष  देवनानी शनिवार को राजकीय महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय माकुपुरा में वार्षिक उत्सव समारोह ऎपिस्टेमिको 2025 को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह महाविद्यालय स्थापना के समय उत्तर भारत का एकमात्र महिला अभियांत्रिकी महाविद्यालय था। इस महाविद्यालय के माध्यम से देश को कई होनहार प्रतिभाएं मिल रही है। ये होनहार छात्राएं ही विकसित भारत का आधार है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रयास कर रहे है। यह युवाओं के सहयोग से ही सम्भव होगा। राष्ट्र प्रथम के भाव के साथ देश को स्वावलम्बी बनाने के लिए कार्य करें।

 

उन्होंने कहा कि युवाओं को तनाव रहित जीवन का स्वभाव बनाना चाहिए। तनाव से व्यक्ति की क्षमताओं में कमी होती है। युवाआें को राम, कृष्ण एवं विवेकानन्द जैसे आदर्श सामने रखकर अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए। युवाओं को देश को युगानुकूल तथ युग को देशानुकूल बनाने के लिए पूरी शक्ति लगा देनी चाहिए। वर्तमान डिजिटल युग में भी सनातन संस्कृति से जुडे़ रहने का प्रयास करें। सनातन परम्पराएं वैज्ञानिक आधार लिए हुए होती है। महाविद्यालय में सनातन संस्कारों के अनुरूप कार्यक्रम होना खुशी की बात है। डिजिटल प्लेटफार्मों का उपयोग समाज एवं राष्ट्र के हित में करें। साथ ही डिजिटल युग की विकृतियों से भी सावधान रहने की आवश्यकता है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता में भावनात्मकता का अभाव रहता है। इसके विपरित भारत में सभी सम्बन्ध भावनाओं पर आधारित होते है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के सदुपयोग के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि यह बहुत उन्नत तकनीक है। छात्राओं को नवाचार के माध्यम से नई तकनीकों का समाज के लिए सदुपयोग करना चाहिए।

 

उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक ने अपराध और एकाकीपन को बढ़ावा दिया है। इसके दुष्परिणाम परिवारों के बिखरने के रूप में सामने आने लगे है। इसके लिए वैश्विक युग की तकनीक को अपने लिए उपयोग करने के साथ ही एकाकी नहीं रहने का संकल्प लेना होगा। विद्यार्थी अपने मन की बातों को साथियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों के साथ साझा करनी चाहिए। दबाव के कारण विद्यार्थियों में आत्महत्या की प्रवृत्ति पीड़ादायक है। उन्हें दृढ़ता के साथ नवीन परिस्थितियों का सामना करना चाहिए। परिस्थितियां परिवर्तनशील है। उनसे संघर्ष कर आगे बढ़ने का साहस रखें।

 

उन्होंने कहा कि कला से भरपूर सांस्कृतिक कार्यक्रम पढ़ाई तथा परीक्षा के तनाव को कम करते है। स्वस्थ जीवन तथा व्यक्तित्व में निखार के लिए ऎसे कार्यक्रम आवश्यक है। शिक्षकों को विद्यार्थियों की प्रतिभा पहचान कर उसे निखारने का प्रयास करना चाहिए। विद्यार्थी भी सह शैक्षिक गतिविधियों मेें बढ़-चढ़ कर भाग लेंं। इससे विद्यार्थियों को बदली हुई परिस्थितियों के साथ आत्मसात होने में सुविधा मिलेगी। वे सामाजिक, व्यक्तिगत तथा शैक्षिक चुनौतियों का सामना करने में स्वयं को सक्षम पाएंगे।

 

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नारी शक्ति में देश का भविष्य निहित है। आदिकाल से समाज का नेतृत्व नारी शक्ति ने ही किया है। वर्तमान में समाज के समक्ष उपस्थित चुनौतियों का छात्राएं मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तत्पर है। वे प्रगति, विकास, मानवता एवं सृष्टि का आधार है। नारी लक्ष्मी, दुर्गा एवं सरस्वती के रूप में शक्ति और भक्ति का प्रतीक है। नारी सनातन संस्कृति की वाहक है।

 

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर प्रकृति त्रिवेदी ने कहा कि ऎपिस्टेमिको 2025 के माध्यम से छात्राओं को अपनी रचनात्मकता, तकनीकी दक्षता और सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया है। महाविद्यालय की छात्राओं मेघा शर्मा (प्रेसिडेंट), गीतांजलि और सुनैना (कल्चरल हेड), गार्गी तथा लक्ष्मी (लिटरेरी हेड), आस्था तथा नंदिनी (इनोवेशन हेड) तथा खुशी व गार्गी (टेक्निकल हेड) के साथ महाविद्यालय की समस्त छात्राओं के कार्य की सराहना की। फैशन परेड ने भी दर्शकों का खूब आकर्षित किया। प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और नवीनता के साथ मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

 

उत्सव में शनिवार को दिनभर विभिन्न प्रतियोगिताएँ, कार्यशालाएँ और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विभिन्न रोचक और प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसमें तकनीकी प्रतियोगिताएँ, कोड रेस, आइडियाथोन, फोटोग्राफी प्रतियोगिता और कला प्रदर्शनी शामिल है। समापन समारोह में राजस्थान  विधानसभा के अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने अकादमिक , खेलकुद , सांस्कृतिक  एवं विभिन्न तकनीकी  कार्यक्रमों के विजेताओं को पुरस्कार तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। कार्यक्रम की संयोजक डॉ. मिता शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

Check Also

UP: CM Yogi announces Mustafabad to be renamed 'Kabirdham'

यूपी : सीएम योगी ने की घोषणा, मुस्तफाबाद का नाम होगा ‘कबीरधाम’

लखीमपुर खीरी. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखीमपुर खीरी के मुस्तफाबाद स्थित …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *