मंगलवार, अगस्त 11 2026 | 08:32:00 PM
Breaking News
Home / राजकाज / ओडिशा में इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा
Raids on Odisha engineer's premises, assets worth crores unearthed

ओडिशा में इंजीनियर के ठिकानों पर छापेमारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा

भुवनेश्वर। ओडिशा सतर्कता विभाग (विजिलेंस) ने भ्रष्ट सरकारी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखते हुए मंगलवार को संबलपुर स्थित कमांड एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (सीएडीए) के कार्यपालक अभियंता पद्मलोचन नायक (Executive Engineer Padmalochan Nayak) के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। उन पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप है।

विजिलेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में 23 जून को पद्मलोचन नायक के संबलपुर, कटक, बालेश्वर और मलकानगिरी जिलों में स्थित सात ठिकानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया गया।”

जिन स्थानों पर छापेमारी की गई, उनमें संबलपुर जिले के धनुपाली स्थित उनका किराए का मकान, कटक जिले के विद्याधरपुर में स्थित तीन मंजिला आवासीय भवन और बालेश्वर जिले के बस्ता थाना क्षेत्र के मुखालिस गांव में स्थित मकान शामिल हैं।

अधिकारी ने बताया कि विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस), संबलपुर की अदालत द्वारा जारी तलाशी वारंट के आधार पर विजिलेंस की सात टीमों ने यह कार्रवाई की। इन टीमों का नेतृत्व चार उप पुलिस अधीक्षकों ने किया, जबकि 13 निरीक्षक, सात सहायक उप निरीक्षक और अन्य कर्मचारी भी इसमें शामिल रहे।

तलाशी के दौरान विजिलेंस अधिकारियों को पद्मलोचन नायक और उनके परिवार के पास करोड़ों रुपए की संपत्ति का पता चला। इनमें कटक में एक बहुमंजिला इमारत सहित तीन मकान, 18 कीमती भूखंड, करीब 20 लाख रुपए के सोने के आभूषण और घरेलू सामान, 3.45 लाख रुपए नकद तथा श्रीलंका, नेपाल, बहरीन और अमेरिका की कुछ विदेशी मुद्रा शामिल हैं।

इसके अलावा तीन चारपहिया वाहन, दो जेसीबी मशीनें, एक ट्रैक्टर और एक ट्रेलर भी बरामद किए गए हैं।

18 भूखंडों में से पांच भुवनेश्वर, तीन कटक, छह जाजपुर जिले के कोरई क्षेत्र, तीन बालेश्वर जिले के बस्ता क्षेत्र और एक पुरी जिले के डेलंगा क्षेत्र में स्थित हैं।

अधिकारी ने बताया, “पद्मलोचन नायक के कई बार श्रीलंका जाने और वहां जुआ खेलने की गतिविधियों में शामिल होने की आशंका है, जिसकी जांच की जा रही है।”

विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, बरामद संपत्तियों के स्रोत का पता लगाने के लिए नायक से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि तलाशी अभियान जारी रहने के दौरान और भी संपत्तियों का खुलासा हो सकता है।

Check Also

5,500 kilometer highway will be made e-highway, 111 stations will be for electric vehicles between 23 cities

भारत में 2034 तक ईवी बिक्री में सालाना 55 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद

नई दिल्ली। भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की ओर बढ़ता रुझान अब अर्थव्यवस्था का एक …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *