शनिवार, जुलाई 18 2026 | 01:04:38 PM
Breaking News
Home / राजकाज / नौसेना प्रमुख की अमेरिका यात्रा, युद्ध विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से होगी वार्ता

नौसेना प्रमुख की अमेरिका यात्रा, युद्ध विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से होगी वार्ता

नई दिल्ली. भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी अमेरिका की एक महत्वपूर्ण आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुए हैं। उनकी यह यात्रा बुधवार 12 नवंबर से शुरू हुई है। नौसेना के मुताबिक एडमिरल त्रिपाठी की इस यात्रा का उद्देश्य भारतीय नौसेना और संयुक्त राज्य अमेरिका की नौसेना के बीच पहले से प्रगाढ़ और सुदृढ़ समुद्री साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाना है।

 

गौरतलब है कि भारतीय नौसेना और संयुक्त राज्य अमेरिका की नौसेना के बीच ये मजबूत संबंध, भारत–अमेरिका रक्षा सहयोग का एक प्रमुख स्तंभ है। नौसेना के अनुसार भारतीय नौसेना प्रमुख 17 नवम्बर तक संयुक्त राज्य अमेरिका के आधिकारिक दौरे पर रहेंगे। अपनी यात्रा के दौरान नौसेना प्रमुख, अमेरिकी युद्ध विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात व वार्ता करेंगे।

 

वे यहां इन मुलाकातों के अलावा अलावा एडमिरल सैमुअल जे. पापारो, कमांडर, यूनाइटेड स्टेट्स इंडो-पैसिफिक कमांड तथा एडमिरल स्टीफन टी. कोहलर, कमांडर, यूनाइटेड स्टेट्स पैसिफिक फ्लीट से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों में अन्य वरिष्ठ नौसैनिक अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ भी विचार-विमर्श होगा। इन संवादों के माध्यम से दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच चल रहे समुद्री सहयोग की समीक्षा की जाएगी। संचालन-स्तरीय समन्वय को सुदृढ़ करने तथा सूचना साझाकरण पर भी विचार विमर्श होगा। वहीं समुद्री क्षेत्रीय जागरूकता को और सशक्त बनाने के उपायों पर भी चर्चा की जाएगी।

 

अमेरिका दौरे के कार्यक्रम में अमेरिकी नौसेना के महत्वपूर्ण नौसैनिक संस्थानों और परिचालन कमांड मुख्यालयों के साथ बैठकें भी शामिल होंगी। इन बैठकों में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में साझा समुद्री प्राथमिकताओं, बहुपक्षीय ढांचे जैसे की मिलन और कंबाइंड मेरीटाइम फोर्सेस के तहत सहयोग को और गहरा करने पर चर्चा होगी। भारत और अमेरिका के बीच लंबे समय से स्थापित समुद्री साझेदारी आपसी विश्वास और साझा मूल्यों पर आधारित है।

 

यह दौरा भारतीय नौसेना की उस प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है जिसके तहत वह संयुक्त राज्य अमेरिका की नौसेना के साथ सहयोग को और प्रगाढ़ करने और मुक्त, खुला, समावेशी तथा नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के साझा विजन को साकार करने की दिशा में कार्यरत है।

 

गौरतलब है कि बीते सप्ताह ही भारत और अमेरिका के वरिष्ठ सैन्य कमांडर्स ने फ्रेमवर्क फॉर इंडिया-यूएस मेजर डिफेंस पार्टनरशिप पर चर्चा की है। यह चर्चा अमेरिका में इंडो-यूएस मिलिट्री कोऑपरेशन ग्रुप की बैठक में हुई। इस फ्रेमवर्क पर बीते दिनों दोनों देशों के रक्षा मंत्रियों ने हस्ताक्षर किए थे। यह समझौता दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में ठोस कदम है। भारत और अमेरिका ने रक्षा साझेदारी पर यह ऐतिहासिक समझौता किया है।

 

भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिकी रक्षा मंत्री पीटर हेगसेथ से मुलाकात के दौरान 10 वर्षीय ‘फ्रेमवर्क फॉर द यूएस-इंडिया मेजर डिफेंस पार्टनरशिप’ पर हस्ताक्षर किए थे। रक्षा मंत्री ने कुआलालंपुर में अपने अमेरिकी समकक्ष पीटर हेगसेथ के साथ यह महत्वपूर्ण बैठक व समझौता किया था।

Check Also

India's future will be decided by investment in innovation, AI will play the role of a game changer: PM Modi

पीएमएफएमई योजना के तहत क्रेडिट-लिंक्ड माइक्रो फूड प्रोसेसिंग के लाभार्थियों की संख्या 2 लाख के पार पहुंची

नई दिल्ली. केंद्र सरकार ने शनिवार को कहा कि ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण योजना’ …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *