बुधवार, मई 13 2026 | 01:55:42 AM
Breaking News
Home / मनोरंजन / फर्जी कास्टिंग कॉल्स पर सख्त हुए शिवकार्तिकेयन प्रोडक्शंस, कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी

फर्जी कास्टिंग कॉल्स पर सख्त हुए शिवकार्तिकेयन प्रोडक्शंस, कानूनी कार्रवाई की दी चेतावनी

चेन्नई। फिल्म इंडस्ट्री में काम करने का सपना देखने वाले हजारों युवा हर दिन नए अवसरों की तलाश में रहते हैं। ऐसे में कई बार कुछ जालसाज बड़े प्रोडक्शन हाउस और मशहूर कलाकारों के नाम का गलत इस्तेमाल करके लोगों को अपने झांसे में लेने की कोशिश करते हैं।

फर्जी ऑडिशन, नकली कास्टिंग कॉल और पैसे मांगने जैसी घटनाएं पिछले कुछ सालों में तेजी से बढ़ी हैं। इसी कड़ी में अब अभिनेता शिवकार्तिकेयन की प्रोडक्शन कंपनी ने फर्जी कास्टिंग एजेंट्स और धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त चेतावनी जारी की है।

शुक्रवार को शिवकार्तिकेयन प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट्स पर एक बयान जारी किया। इस बयान में कंपनी ने कहा, ”हमने अपनी मौजूदा या आने वाली किसी भी फिल्म के लिए कोई कास्टिंग एजेंट, कोऑर्डिनेटर, डायरेक्टर या थर्ड-पार्टी रिप्रेजेंटेटिव को अपॉइंट नहीं किया है। कुछ लोग हमारे नाम का इस्तेमाल करके कलाकारों और नए लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, इसलिए जनता को सावधान रहना चाहिए।”

प्रोडक्शन हाउस ने अपने बयान में स्पष्ट किया, ”हमारी फिल्मों से जुड़ी किसी भी तरह की आधिकारिक कास्टिंग जानकारी सिर्फ ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल्स के जरिए ही साझा की जाएगी। अगर किसी व्यक्ति को व्हाट्सएप, ईमेल, फोन कॉल या सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कास्टिंग का दावा करने वाला कोई मैसेज मिलता है, तो वह पूरी तरह फर्जी है।”

कंपनी ने लोगों से अपील की कि वे ऐसे फर्जी मैसेज को तुरंत नजरअंदाज करें।

शिवकार्तिकेयन प्रोडक्शंस ने चेतावनी देते हुए कहा, ”अगर कोई व्यक्ति या संस्था हमारे नाम का गलत इस्तेमाल करते हुए पकड़ी गई, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी तरह की धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”

दरअसल, यह पहला मौका नहीं है, जब किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस को इस तरह की चेतावनी जारी करनी पड़ी हो। कुछ दिन पहले ही मलयालम फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर प्रोडक्शन कंपनी आशीर्वाद सिनेमाज ने भी इसी तरह का नोटिस जारी किया था। उन्होंने बताया था कि कुछ अनधिकृत लोग उनके नाम का इस्तेमाल करके नकली ऑडिशन और कास्टिंग मैसेज फैला रहे हैं।

फर्जी कास्टिंग एजेंट्स की समस्या से तेलुगु फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी प्रोडक्शन कंपनियां भी सामना कर चुकी हैं। पिछले साल दिसंबर में मशहूर तेलुगु प्रोडक्शन कंपनी म्रैथी मूवी मेकर्स ने भी लोगों को सावधान रहने की सलाह दी थी।

वहीं अभिनेता कमल हासन की प्रोडक्शन कंपनी राज कमल फिल्म्स इंटरनेशनल ने भी इसी तरह का नोटिस जारी किया था। कंपनी ने कहा था कि उन्होंने अपनी किसी भी फिल्म के लिए कोई कास्टिंग एजेंट नियुक्त नहीं किया है। वहीं अगस्त में निर्देशक और निर्माता पा रंजीत की नीलम प्रोडक्शंस ने भी कलाकारों को फर्जी कास्टिंग कॉल से बचने की सलाह दी थी।

Check Also

Reliance Retail acquires Priyanka Chopra's brand Anomaly

रिलायंस रीटेल ने किया प्रियंका चोपड़ा के ब्रांड एनोमली का अधिग्रहण

रिटेल नेटवर्क और ‘टीरा’ के जरिए होगा विस्तार मुंबई: रिलायंस रीटेल लिमिटेड ने प्रियंका चोपड़ा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *