बुधवार, अक्तूबर 14 2026 | 03:16:06 AM
Breaking News
Home / रीजनल / दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा में मंथन, नरोत्तम मिश्रा की मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात

दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा में मंथन, नरोत्तम मिश्रा की मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से मुलाकात

भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में पार्टी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से मुख्यमंत्री निवास पर मुलाकात की।

बैठक के दौरान दतिया उपचुनाव की रणनीति, संगठनात्मक विषयों और चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। पार्टी नेताओं ने इस बात पर जोर दिया कि संगठन सर्वोपरि है और सभी कार्यकर्ता पार्टी के निर्णय के साथ पूरी प्रतिबद्धता से खड़े रहेंगे।

बैठक के बाद भाजपा की ओर से कहा गया कि दतिया उपचुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर कुछ कार्यकर्ताओं ने भावावेश में इस्तीफा देने की बात कही थी, लेकिन संगठन को कोई औपचारिक इस्तीफा प्राप्त नहीं हुआ है। पार्टी ने स्पष्ट किया है कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

भाजपा संगठन ने सभी कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव अभियान में जुटने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि सभी कार्यकर्ता उत्साह और समर्पण के साथ भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को भारी मतों से विजयी बनाने के लिए काम करेंगे। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि पार्टी दतिया उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीत दर्ज करेगी।

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा, “दतिया उपचुनाव के लिए पार्टी ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। उम्मीदवार घोषित होने के बाद कुछ कार्यकर्ताओं द्वारा भावनाओं में आकर इस्तीफा देने की जानकारी सामने आई थी, लेकिन उनके पास किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा नहीं पहुंचा है।”

खंडेलवाल ने कहा, “भाजपा संगठन ने निर्णय लिया है कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा। पार्टी के वरिष्ठ नेता नरोत्तम मिश्रा के मार्गदर्शन में सभी कार्यकर्ता मिलकर चुनाव लड़ेंगे और दतिया सीट पर बड़ी जीत हासिल करने का प्रयास करेंगे।”

बता दें कि दतिया उपचुनाव को भाजपा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी जहां संगठन की एकजुटता बनाए रखने पर जोर दे रही है, वहीं कांग्रेस भी अपने उम्मीदवार के साथ चुनावी मैदान में उतर चुकी है। आने वाले दिनों में दोनों प्रमुख दलों की चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

Check Also

Anant Ambani's 'Champions of Care' campaign will reach 2 million animals every year.

अनंत अंबानी की ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ मुहिम, हर साल 20 लाख जानवरों तक पहुंचेगी मदद

देशभर के 50 से ज्यादा पशु कल्याण संगठन ‘चैंपियंस ऑफ केयर’ से जुड़े, इलाज, रेस्क्यू, शेल्टर, …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *