जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर के आमेर क्षेत्र में ताला मोड़ के पास स्थित The Palace by Park Jewels में रविवार को बड़ा हादसा हो गया। निर्माणाधीन परिसर में अचानक एक दीवार भरभराकर गिर गई, जिसके नीचे काम कर रहे 18 से अधिक मजदूर मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार के बीच स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।
सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला गया। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 6 मजदूरों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य घायल हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है।
हादसे के बाद निर्माण कार्य में बरती गई सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक स्तर पर जांच का फोकस ठेकेदार और निर्माण कार्य से जुड़े लोगों पर है, लेकिन यह भी सवाल उठ रहा है कि जिस परियोजना में निर्माण कार्य चल रहा था, वहां सुरक्षा मानकों की निगरानी और जिम्मेदारी किसकी थी।
कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में जांच केवल ठेकेदार तक सीमित नहीं रहती। यदि जांच में निर्माण कार्य की अनुमति, सुरक्षा मानकों के पालन या निगरानी में किसी अन्य जिम्मेदार पक्ष की लापरवाही सामने आती है, तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है।
छह मजदूरों की मौत ने छह परिवारों की खुशियां छीन ली हैं। अब पूरे प्रदेश की निगाहें इस बात पर हैं कि जांच निष्पक्ष होगी या नहीं, और हादसे के लिए जिम्मेदार हर व्यक्ति की जवाबदेही तय होगी या नहीं।
Corporate Post News