बालोतरा. राजस्थान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने रविवार को बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी का दौरा कर कार्यक्रम और परियोजना से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने रिफाइनरी परिसर से लेकर जनसभा स्थल तक का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने रिफाइनरी की क्रूड डिजिटेशन यूनिट और मेन कंट्रोल रूम का दौरा किया। अधिकारियों ने उन्हें रिफाइनरी की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया और यहां तैयार होने वाले विभिन्न सह-उत्पादों के नमूने दिखाए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने तकनीकी संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और उत्पादन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी ली।
अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक
रिफाइनरी परिसर में निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयोजन स्थल के ले-आउट का अवलोकन करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गर्मी के मौसम को देखते हुए जनसभा में आने वाले लोगों के लिए पर्याप्त पेयजल, बैठने की व्यवस्था और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया।
पीएम मोदी करेंगे ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का शुभारंभ
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री 4 जुलाई को बालोतरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी एवं पेट्रोकेमिकल कॉम्पलेक्स का शुभारंभ करेंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार, यह परियोजना देश और प्रदेश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। साथ ही इससे राजस्थान के औद्योगिक विकास को नई गति मिलने के साथ रोजगार और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।

शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर में की पूजा-अर्चना
रिफाइनरी में समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शक्तिपीठ मां सांभरा आशापुरा मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने अखंड ज्योत के दर्शन कर प्रदेश की खुशहाली, समृद्धि और सुख-शांति की कामना की। मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने भी मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत, उद्योग एवं वाणिज्य राज्य मंत्री के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, विधायक हमीर सिंह भायल, डॉ. अरुण चौधरी, आदूराम मेघवाल सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा एचपीसीएल, एचआरआरएल, जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी निरीक्षण और समीक्षा बैठक में भाग लिया।
Corporate Post News