गुरुवार, अक्तूबर 29 2026 | 10:06:52 AM
Breaking News
Home / कंपनी-प्रॉपर्टी / रिलायंस का ब्रांड कैंपा अब नेपाल में भी मिलेगा

रिलायंस का ब्रांड कैंपा अब नेपाल में भी मिलेगा

रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और चौधरी ग्रुप ने नेपाल में लॉंच की कैंपा, यूएई, ओमान, कतर और बहरीन के बाद अब नेपाल में भी मिलेगा भारतीय ब्रांड कैंपा, 250 मिली की कैंपा कोला, कैंपा ऑरेंज और कैंपा लेमन की कीमत 30 नेपाली रुपये होगी

काठमांडू. रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने चौधरी ग्रुप (CG) के साथ साझेदारी में नेपाल में भारतीय पेय ब्रांड कैंपा को लॉन्च कर दिया है। रिलायंस ने 2023 में फिर से कैंपा को भारतीय बाजार में उतारा था। दो वर्षों के भीतर ही कैंपा ने भारतीय शीतल पेय बाजार में एक मजबूत खिलाड़ी के तौर पर अपनी पहचान बना ली है। जीसीसी देशों जैसे यूएई, ओमान, कतर और बहरीन में लॉंच के बाद कंपनी ने अब कैंपा ब्रांड को नेपाल में भी उतार दिया है।
रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक, केतन मोदी ने कहा: “हम अपने सहयोगी चौधरी ग्रुप के साथ मिलकर अपने ब्रांड कैंपा के साथ नेपाल के बाज़ार में प्रवेश करते हुए बेहद उत्साहित हैं। कैंपा 50 साल पुराना भारतीय ब्रांड है, जिसे आज भी उपभोक्ताओं का प्यार मिल रहा है। हम इस क्षेत्र में तीव्र विकास की अपार संभावनाएँ देख रहे हैं। ग्राहकों को किफ़ायती दामों पर वैश्विक गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराने का हमारा अनुभव शानदार रहा है। हमें विश्वास है कि ब्रांड नेपाल के उपभोक्ताओं के लिए ताज़ा और बेहतरीन स्वाद पेश करेगा।”
कैंपा के नेपाल में लॉन्च पर चौधरी समूह के प्रबंध निदेशक, निर्वाण चौधरी ने कहा, “हमें गर्व है कि हम नेपाल में कैंपा को रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स के साथ मिलकर लाए। यह साझेदारी उपभोक्ताओं को उच्च-गुणवत्ता वाले, पेय प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाती है। हमें विश्वास है कि कैंपा उन स्थानीय उपभोक्ताओं के साथ मजबूती से जुड़ेगा जो स्वाद के दीवाने हैं। यह रणनीतिक गठबंधन न केवल हमारे पेय पोर्टफोलियो का विस्तार करेगा, बल्कि क्षेत्र के प्रतिस्पर्धी पेय बाजार में एक प्रमुख खिलाड़ी के रूप में हमारी स्थिति को भी मजबूत करेगा। हम अपने मजबूत वितरण नेटवर्क और बाजार विशेषज्ञता का लाभ उठाकर कैंपा को नेपाल में एक लोकप्रिय ब्रांड के रूप में स्थापित करने के लिए तत्पर हैं। “
कैंपा पोर्टफोलियो की खास बात यह है कि यह अपने प्रतिद्वंदियों के मुकाबले अपने पेय काफी किफायती कीमतों पर बेचती है। नेपाल में कैंपा पोर्टफोलियो में शुरुआत में कैंपा कोला, कैंपा लेमन, कैंपा ऑरेंज, कैंपा एनर्जी गोल्ड बूस्ट और कैंपा एनर्जी बेरी किक शामिल होंगे। बाद में पोर्टफोलियो को बढ़ाया जाएगा। 250 मिली कैंपा कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक जैसे कि कैंपा कोला, कैंपा ऑरेंज और कैंपा लेमन की कीमत 30 नेपाली रुपये होगी। वहीं कैंपा एनर्जी बेरी किक 250 मिली 40 नेपाली रुपये में उपलब्ध होगी।

Check Also

Ahead of India's biggest IPO, Jio reveals next roadmap, focuses on three growth engines

भारत के सबसे बड़े IPO से पहले जियो ने खोला अगला रोडमैप, तीन ग्रोथ इंजन पर फोकस

आकाश अंबानी ने मोबिलिटी, होम और एंटरप्राइज-इंटरनेशनल को बताया जियो के तीन ग्रोथ इंजन, होम …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *