गुरुवार, अक्तूबर 29 2026 | 09:35:05 AM
Breaking News
Home / रीजनल / 9 अगस्त से भरेगा गोगामेड़ी मेला, श्रद्धालुओं के लिए रैन बसेरों से लेकर सुरक्षा तक हर पहलू पर फोकस, सीसीटीवी और शौचालयों की विशेष व्यवस्था

9 अगस्त से भरेगा गोगामेड़ी मेला, श्रद्धालुओं के लिए रैन बसेरों से लेकर सुरक्षा तक हर पहलू पर फोकस, सीसीटीवी और शौचालयों की विशेष व्यवस्था

जयपुर। राजकीय आत्मनिर्भर मंदिर श्री गोगाजी गोगामेड़ी मेले का शुभारंभ इस वर्ष भाद्रपद पूर्णिमा के अवसर पर 9 अगस्त को प्रातः 9:30 बजे ध्वजारोहण के साथ होगा। यह ऐतिहासिक मेला एक माह तक चलेगा और 8 सितंबर को विसर्जन के साथ संपन्न होगा। उत्तर भारत के सबसे बड़े धार्मिक मेलों में शुमार में इस बार 30 से 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में जिला प्रशासन और देवस्थान विभाग द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधाओं और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

 

श्रद्धालुओं के ठहरने हेतु इस बार लगभग 3000 लोगों की क्षमता वाले निःशुल्क रैन बसेरों का निर्माण किया गया है। इन रैन बसेरों में बिजली, पंखे, कूलर, पेयजल, विस्तर और स्वच्छ शौचालयों की समुचित व्यवस्था रहेगी।

 

मेले में हर शाम 7 बजे से 10 बजे तक लेजर लाइट और साउंड शो का आयोजन होगा, वहीं 30 और 31 अगस्त को पर्यटन एवं देवस्थान विभाग की ओर से भव्य सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी जिसमें देशभर से आए कलाकार प्रस्तुति देंगे।

 

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पूरे मेला क्षेत्र एवं पार्किंग स्थल सहित अन्य स्थानों पर कुल 250 उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मंदिर परिसर में स्थाई बैरिकेडिंग की गई है, वहीं अस्थाई बैरिके​डिंग में भी शौचालय, पेयजल और हवा की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। धूप और बारिश से बचाव हेतु टॉवर टेंट लगाए जा रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिग—जैग बैरिकेडिंग से दर्शन व्यवस्था को और सुगम बनाया गया है।

 

मेले के दौरान आरती का समय निर्धारित किया गया है। प्रभात आरती सुबह 4:30 से 5:30, राजभोग आरती सुबह 10:15 बजे, संध्या आरती शाम 6:30 से 7:30 तथा शयन आरती रात 9 बजे होगी। गोगामेड़ी सड़क मार्ग से बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, गुजरात, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे राज्यों से सीधे जुड़ा है। निकटतम हवाई अड्डा नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (258 किमी) है। नजदीकी रेलवे स्टेशन हनुमानगढ़ और गोगामेड़ी है।

 

श्रद्धालुओं के ठहराव हेतु विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं की धर्मशालाए उपलब्ध रहेंगी। इनमें विभिन्न समाजों की धर्मशालाएं और सेवा समितियां शामिल है। इसके अतिरिक्त नोहर रिलीफ सोसायटी, श्री मार्कण्डेय सेवा समिति, गोगाजी सेवा समिति, होटल करणी, बी.एम. होटल, होटल स्वामी और होटल मोती पैलेस जैसे होटल भी व्यवस्था में जुटे हैं।

 

श्रद्धालु किसी भी प्रकार की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं। देवस्थान कार्यालय, गोगामेड़ी से 01555-294628, मेला मजिस्ट्रेट कार्यालय, गोगामेड़ी से 01552-294629, पुलिस चौकी, गोगामेड़ी से 01555-294630 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

Check Also

Lottery for firecracker shops in Balotra tomorrow, 749 applications received for 50 shops

बालोतरा में कल पटाखा दुकानों की लॉटरी, 50 दुकानों के लिए मिले 749 आवेदन

पंचायत समिति सभागार में शाम 3 बजे होगी लॉटरी, लूनी नदी किनारे सजता है पटाखा …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *