शनिवार, जून 27 2026 | 01:23:12 PM
Breaking News
Home / बाजार / खुशखबर: जल्द निवेशकों का सारा पैसा लौटाएगी फ्रैंकलिन टेम्पलटन
Good news: Franklin Templeton will return all investors' money soon

खुशखबर: जल्द निवेशकों का सारा पैसा लौटाएगी फ्रैंकलिन टेम्पलटन

जयपुर। फ्रैंकलिन टेम्पलटन म्यूचुअल फंड (Franklin Templeton Mutual Fund) ने सोमवार को कहा कि वह निवेशकों का पैसा जल्द से जल्द लौटाने के लिए प्रतिबद्ध है। कंपनी ने हाल में नकदी संकट के चलते अपनी छह बॉन्ड योजनाओं को बंद कर दिया था। कंपनी ने कहा कि योजनाओं को बंद करने का मतलब निवेशकों का पैसा डूबना नहीं है।

निवेशकों को भेजे संदेश

फ्रैंकलिन टेम्पलटन एसेट मैनेजमेंट (इंडिया) के अध्यक्ष संजय सप्रे ने निवेशकों को भेजे एक संदेश में कहा कि, ‘जो योजनाएं बंद की गई हैं, हम उनके निवेशकों को जल्द से जल्द पैसा लौटाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। साथ ही यह हमारे ब्रांड में निवेश करने वालों के विश्वास को बहाल करने की भी कोशिश है।’

इसलिए बंद की योजनाएं

इन छह योजनाओं में निवेशकों की 25,000 करोड़ रुपये से अधिक की फंसी है। कंपनी ने बॉन्ड बाजार में नकदी की कमी का हवाला देते हुए इन योजनाओं को स्वयं से बंद करने की पहल की थी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय ग्राहकों के हित को ध्यान में रखकर लिया गया है।

भारत को लेकर प्रतिबद्ध है कंपनी

सप्रे ने कहा, ‘फ्रैंकलिन टेम्पलटन ने भारत में बहुत पहले काम शुरू किया था। कंपनी ने यहां 25 साल से अधिक अवधि में दीर्घावधि कारोबार खड़ा किया है। उसके कुल वैश्विक कार्यबल का 33 फीसदी से अधिक भारत में रहता है।’ उन्होंने कहा कि कंपनी के वैश्विक मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेनी जॉनसन ने भी कहा है कि कंपनी भारत को लेकर प्रतिबद्ध है।

आरबीआई ने दी राहत

म्यूचुअल फंड पर तरलता दबाव को कम करने के लिए, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने म्यूचुअल फंड के लिए 50,000 करोड़ रुपये की विशेष लिक्विडिटी सुविधा की घोषणा की है। केंद्रीय बैंक ने कहा है कि वह सतर्क है और कोरोना वायरस के आर्थिक प्रभाव को कम करने और वित्तीय स्थिरता को बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाएगा। आरबीआई फिक्स रेपो रेट पर 90 दिन की अवधि का एक रेपो ऑपरेशन शुरू करेगा।

Check Also

Gold and silver market illuminated on Dhanteras, sales of coins increased

सस्ते में सोना खरीदने का मौका, चांदी का दाम 2.70 लाख रुपए के नीचे फिसला

मुंबई। सोने और चांदी की कीमतों में मंगलवार को कमजोरी देखने को मिली। इससे सोने …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *