शनिवार , अप्रेल 27 2024 | 03:48:58 PM
Breaking News
Home / राजकाज / प्रधानमंत्री मोदी ने इन 15 पर्यटन स्थलों की सैर के लिए दिया सुझाव

प्रधानमंत्री मोदी ने इन 15 पर्यटन स्थलों की सैर के लिए दिया सुझाव

Tina surana.jaipur

देश में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अपील की है कि 2022 तक देश के कम से कम 15 पर्यटन स्थलों की सैर करें। यह अपील उन्होंने उन लोगों से की है, जो विदेशों में घुमने जाते रहते हैं। प्रधानमंत्री ने 73वें स्वाधीनता दिवस पर लाल किले से अपने भाषण में कहा कि घरेलू पर्यटन बढ़ेगा तो विदेशी सैलानियों की संख्या भी बढ़ेगी, भारत में देखने को बहुत कुछ है।देश के कुछ खास क्षेत्र पर्यटन की दृष्टि से खास हैं, यहां आप भी घूम सकते हैं।

1. आगरा – देश में सबसे मशहूर पर्यटन स्थल आगरा है, ताजमहल के कारण यह वर्ल्ड फेमस है। इसके अलावा आगरा का किला, अकबर का मकबरा, राम बाग और नजदीक ही फतेहपुर सीकरी भी आपका मन मोह लेंगे। भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा और वृंदावन भी आगरा से पास ही है।

2. कश्मीर – धरती का स्वर्ग कहा जाने वाला कश्मीर लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। माना जा रहा है कि जल्द ही कश्मीर टूरिज्म में सरकार बड़ा निवेश करेगी। दिसंबर जनवरी में यहां होने वाली भारी बर्फबारी किसी को भी अपनी ओर खींच लेती है। यहां की झील, बगीचे और हरियाली अनोखा एहसास कराते हैं। यहां बुलमर्ग, श्रीनगर, सोनमर्ग और शंकराचार्य मंदिर प्रमुख आकर्षण के केंद्र हैं।

3. गोवा – गोवा अपने आकर्षण समुद्र तटों और बिंदास अंदाज के लिए जाना जाता है। क्रिस्मस और न्यू ईयर के मौके पर तो गोवा की खूबसूरती में चार चांद लग जाते हैं। युवा जोड़ों के लिए भारत में गोवा से बेहतर कोई जगह नहीं है।

4. कन्याकुमारी – आप शांति और दैवीय एहसास के लिए कन्याकुमारी जा सकते हैं। दक्षिण छोर पर स्थित कन्याकुमारी अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और हिंद महासागर की धाराएं एक दूसरे से मिलती हैं। यहां का सूर्यास्त अनोखा एहसास लेकर आता है। यहां आप रामेश्वरम की यात्रा भी कर सकते हैं।

5. जयपुर – जयपुर अपनी समृद्धि सांस्कृतिक विरासत के लिए दुनिया में जाना जाता है। जयपुर का हवा महल खास आकर्षण का केंद्र है। उदयपुर की यात्रा भी कर सकते हैं, जहां की झील दुनिया भर में मशहूर है।

6. लद्दाख – लद्दाख प्राकृतिक सुंदरता और रोमांच से भरा हुआ है। बौद्ध मठ आपको शहरी भागदौड़ से दूर शांति का एहसास कराएंगे और यहां से आप एकदम रिफ्रेश होकर लौटेंगे। लद्दाख में जून के दौरान आसमान साफ रहा है और तापमान आमतौर पर 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहता है। यहां नुब्रा वैली, शांति स्तूप, खारदुंग ला, थिकसे मठ, लेह पैलेस, मैग्नेटिक हिल, गोम्पा और चांग ला प्रमुख आकर्षण हैं।

7. औली – उत्तराखंड में औली गर्मी के दिनों में सुकूनदेह है और शांत है। यहां तापमान कभी भी 20 डिग्री से ऊपर नही जाता है, वहीं सर्दियों में यहां बर्फबारी देखने के लिए बड़ी संख्या में सैलानी आते हैं। गर्मी में बर्फ तो नहीं मिलती, लेकिन खुशनुमा मौसम आपको लुभाने के लिए काफी है।

8. शिमला – शिमला उत्तर भारत का बेहद लोकप्रिय पर्यटन है। परिवार के साथ जून में यहां घूमने के लिए बेहतरीन जगह है। शिमला से सड़क मार्ग से आप मनाली, औली और लेह भी जा सकते हैं। जून में यहां तापमान 15 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। यहां के प्रमुख आकर्षण राष्ट्रपति निवास, जाखू, रिज, क्राइस्ट चर्च, एनांडेल, स्कैंडल प्वाइंट, ग्रीन वैली, कुफरी, शिमला ग्लेन हैं। शिमला रेल मार्ग से भी जुड़ा है।

9. ऋषिकेश – ऋषिकेश को धर्म और अध्यात्म के साथ ही एडवेंचर के लिए भी जाना जाता है। ऋषिकेश गंगा के शांत प्रवाह के दर्शन करने, आध्यात्मिक अनुभूति करने के साथ ही कैंपिंग, वाटर राफ्टिंग जैसे एडवेंचरस एक्टिविटीज में भी शामिल हुआ जा सकता है। जून में यहां तापमान 20 से 35 डिग्री के बीच रहता है। राम झूला, नीलकंठ महादेव मंदिर, लक्ष्मण झूला, राजाजी नेशनल पार्क, त्रिवेणी घाट और परमार्थ निकेतन यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।

10. तीर्थन घाटी – यह स्थल कुल्लू से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। यहां तीर्थन नदी मुख्य आकर्षण है, जो हिमालय के ग्लेशियरों से निकलती है। प्रसिद्ध ट्राउट मछलियां और बर्फ से ढकी पहाड़ियों से लेकर भव्य देहाती झोपड़ियां आपका दिल जीत लेंगी। यहां मौसम हमेशा खुशनुमा रहता है और तापमान कभी भी 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर नहीं जाता। ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क, जालोरी दर्रा और सेलोस्कर झील यहां के मुख्य आकर्षण हैं। यहां रिवर क्रॉसिंग, ट्राउट फिशिंग, बर्ड वॉचिंग, कैंपिंग और रॉक क्लाइम्बिंग की जा सकती है।

11. स्टैच्यू ऑफ यूनिटी – देश के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल के स्मारक ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया में साधु आईलैंड में स्थित है। यहां वडोदरा से सड़क मार्ग से जा सकते हैं। स्टैचू ऑफ यूनिटी पर करीब 2900 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसके निर्माण में 3400 मजदूर और 250 इंजीनियरों ने 42 महीने तक रात-दिन काम किया है।

12. कच्छ, गुजरात – कच्छ की रेत और गुनगुनी धूप अनोखा एहसास कराती है। दिसंबर में ही कच्छ के मशहूर रण महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है। ये उत्सव गुजरात के रंग, कला और संस्कृति का संगम है।

13. उदयपुर – उदयपुर को पूरब का वेनिस कहा जाता है, यह चार झीलों से घिरा है। उदयपुर की प्राकृतिक सुंदरता और यहां के मंदिर सभी के लिए आकर्षण का केंद्र हैं। पिछोला झील में बोट राइड और सिटी पैलेस, जग मंदिर पैलेस, नेहरू पार्क, दूध तलाई म्यूजिकल गार्डेन में घूमकर आपको अच्छा लगेगा। उदयपुर ट्रेन और फ्लाइट से आ सकते हैं। यहां का कठपुतलियों का शो मशहूर है।

14. ओरछा, मध्य प्रदेश – झांसी से कुछ किलोमीटर दूर ओरछा ऐतिहासिक महल और भगवान राम के प्राचीन मंदिर के लिए प्रसिद्ध है। ये बुंदेला राजाओं की राजधानी है, यहां राफ्टिंग और एडवेंचरस टूरिज्म का आनंद भी लिया जा सकता है। ओरछा में आप होटल शीश महल में रुक सकते हैं। इस होटल के लिए मध्य प्रदेश टूरिज्म की वेबसाइट पर बुकिंग कराई जा सकती है।

15. खजुराहो – खजुराहो अपने 1000 साल से अधिक पुराने हिंदू मंदिरों के लिए प्रसिद्ध है। यूनेस्को ने इन्हें वर्ल्ड हेरिटेज का दर्जा दिया है। ये मंदिर दो भागों में हैं- वेस्टर्न ग्रुप और ईस्टर्न ग्रुप। सबसे विशाल और भव्य मंदिर वेस्टर्न ग्रुप में हैं। अधितर मंदिर भगवान शिव या विष्णु के हैं। कंदरिया महादेव मंदिर विशाल और भव्य है। सूर्य मंदिर, लक्ष्मण मंदिर और वाराह मंदिर भी देखने लायक हैं। हिंदू धर्म के चार पुरुषार्थ- धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष यहां एक साथ साकार होते हैं। यहां का जैन मंदिर भी बेहद खूबसूरत है।

Check Also

The expansion of new airports will increase the scope of regional flight

राजस्थान में नागरिक उड्डयन सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर हुई विस्तृत चर्चा

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव के साथ राजस्थान सरकार के शीर्ष अधिकारियों की मुलाकात …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *